Jabalpur News: नगर निगम का 2200 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की होगी स्थापना

Jabalpur News: नगर निगम का 2200 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की होगी स्थापना

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 2200 करोड़ रुपए का अब तक का सबसे ऐतिहासिक बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह ’अन्नू’ और निगमाध्यक्ष रिकुंज विज के नेतृत्व में पारित यह बजट न केवल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि जबलपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से भी लैस करेगा।

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि जल गंगा संवर्धन योजना अंतर्गत जबलपुर नगर सीमांतर्गत ऐतिहासिक गौर नदी को उसके प्राकृतिक रूप में लाने का कार्य किया जा रहा है। जो कि भविष्य में जबलपुर नगर का एकं पर्यटन के क्षेत्र कें नवीन स्थल के रूप में पहचाना जायेगा एवं मॉं नर्मदा में मिलने वाली एक बड़ी नदी के रूप में पुनः जानी जाएगी।

इसके जमतरा स्थित खिरैनीघाट एवं भटौली स्थित कालीघाट को विकसित किया जाएगा। इसी तरह माढ़ोताल का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य 8 करोड़ की राशि से शुरू किया गया है। इसी क्रम में शहर में अनेक जल स्त्रोतो का भी जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जायेगा।

इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि बीते 3 वर्षों की तरह इस बार भी जनता पर न तो कोई नया टैक्स लगाया गया और न ही निगम ने कोई कर्ज लिया। महापौर ने ’जो कहा वो किया’ के संकल्प को दोहराते हुए शहर के कायाकल्प के लिए अधोसंरचना एवं विकास, 650 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि से शहर में सड़कों, पुलियों और नालियों का जाल बिछाया जाएगा, 20 करोड़ रुपये के निवेश से पूरे शहर को दूधिया रोशनी से जगमग किया जा चुका है।

200 करोड़ रुपये की लागत से बायो गैस प्लांट की स्थापना होगी और 15 करोड़ रुपये से श्मशान घाटों का कायाकल्प किया जाएगा।

खेल और मनोरंजन की वैश्विक सुविधाएं- महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने बताया कि जबलपुर को खेल जगत के मानचित्र पर लाने के लिए बड़े कदम उठाए गए हैं जिसके अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना, ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का निर्माण, शहर में फिल्म सिटी बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास, 100 करोड़ की लागत से पार्कों का सौंदर्यीकरण

जन-कल्याण और रोजगार- उन्होंने बताया कि संविदा कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए उनका वेतन 9,000 से बढ़ाकर 21,000 रुपये कर दिया गया है। 500 ’डेली नीड्स पार्लर’ के माध्यम से 1,000 युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। शहरवासियों के लिए 43 संजीवनी क्लीनिक का निर्माण पूरा।

जबलपुर के नाम दर्ज हुई ऐतिहासिक उपलब्धियां- महापौर श्री अन्नू ने बताया कि जबलपुर देश का पहला ऐसा शहर बन गया है, जिसने वूमेन सेफ सिटीज के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सीधा अनुबंध किया है। पिछले 3 वर्षों में 1500 लीज प्रकरणों का ऐतिहासिक निराकरण कर जनता को बड़ी राहत दी गई है। 10 करोड़ की लागत से हाईटेक गौशाला का निर्माण अंतिम चरण में है। सार्वजनिक परिवहन को सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 100 ए.सी. इलेक्ट्रिक बसों की सौगात जल्द मिलेगी।