Jabalpur News: नागा घाटी में खड़े ट्रक से टकराया बेकाबू डंपर, एक घायल
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात ब्लैक स्पॉट बन चुकी नागा घाटी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना शनिवार सुबह 11 बजे के करीब की बताई जा रही है।
बताया जाता है कि ट्रक के टायर गर्म होने के कारण चालक वाहन सड़क किनारे रोककर टायर ठंडा कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके पैर में फ्रैक्चर आना बताया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्राम पंचायत सरपंच आशीष कुमार शुक्ला ने प्रशासन से डंपरों की बेलगाम रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
सरपंच का कहना है कि क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और सख्त निगरानी की जरूरत है, ताकि आए दिन होने वाली इन दुर्घटनाओं को रोका जा सके और बेगुनाह लोगों की जान सुरक्षित रहे।