Jabalpur News: जबलपुर-दमोह मार्ग पर डॉक्टर की पलटी कार, झगरा के समीप हुआ हादसा

Jabalpur News: जबलपुर-दमोह मार्ग पर डॉक्टर की पलटी कार, झगरा के समीप हुआ हादसा

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मंगलवार को जबलपुर-दमोह मार्ग पर दोपहर करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार कार एमपी 20 सीसी 5596 अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा झगरा क्षेत्र में रिंग रोड की निर्माणाधीन सड़क एवं पुलिया के समीप हुआ। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

पुलिस चौकी बेलखाडू प्रभारी एसआई अमित मिश्रा ने बताया कि दमोह से जबलपुर के लिए अपने पिता डॉक्टर रमेश प्रसाद साहू की कार से डॉक्टर अंगीरथ साहू निकले थे।उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे वे सुरक्षित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार जबलपुर से दमोह की ओर जा रही थी।

झगरा के पास निर्माणाधीन सड़क और खराब मार्ग के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे कार अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एवं राहगीर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद वाहन को दुर्घटनास्थल से हटाया गया और यातायात सामान्य किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झगरा रिंग रोड निर्माण कार्य के चलते सड़क की स्थिति काफी खराब है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और निर्माण सामग्री के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खराब सड़क और पर्याप्त चेतावनी संकेतों के अभाव में दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।