Jabalpur News: शनिवार से मदनमहल पहाड़ी के अतिक्रमणों पर चलेगा बुलडोजर
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के हाल ही में दिए गए निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा शनिवार 7 मार्च से मदन महल की पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।
एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के मुताबिक मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत पुरवा में आईसीएमआर के सामने वाले हिस्से से होगी। इस संबंध में पिछले कई दिनों से लगातार मुनादी कर कराई जा रही है। अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी।
ज्ञात हो कि सर्वोच्च न्यायालय ने मदनमहल पहाड़ी के अतिक्रमणों हटाने की कार्यवाही के विरोध में शांति बाई शर्मा एवं अन्य द्वारा दायर की गई याचिका पर 24 फरवरी को सुनवाई करते हुये राज्य शासन को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मदन महल पहाड़ी को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश का शीघ्र अनुपालन करने के निर्देश दिये हैं।
सर्वोच्च न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने की गई कार्यवाही का मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के साथ ही का समय-समय पर पालन प्रतिवेदन सर्वोच्च न्यायालय में भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।