Jabalpur News: वासु होटल में चला बुलडोजर, नाले में किया गया अवैध निर्माण तोड़ा गया

Jabalpur News: वासु होटल में चला बुलडोजर, नाले में किया गया अवैध निर्माण तोड़ा गया

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर को जलभराव की समस्या से मुक्त करने और ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ जबलपुर नगर निगम की टीम इन दिनों एक्शन मोड में है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के कड़े निर्देशों के बाद, आज छोटी लाइन फाटक क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की गयी। क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि छोटी लाइन फाटक के सामने वासु होटल द्वारा नाले के ऊपर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था।

इस अवैध निर्माण के कारण नाले की नियमित सफाई में बाधा आ रही थी, जिससे भविष्य में जलप्लावन का खतरा बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम ने तत्काल प्रभाव से नाले पर किए गए पक्के निर्माण को मौके पर ही ढहा दिया गया, ताकि सफाई कार्य सुचारू रूप से हो सके। निगम के नियमों का उल्लंघन करने और जनहित के कार्य में बाधा डालने पर होटल प्रबंधन पर 5000 रूपये का जुर्माना लगाया गया और चालान काटा गया।

अतिक्रमण हटते ही टीम ने नाले की गहरी सफाई का कार्य शुरू कर दिया। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुँचाने वाले किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई अन्य व्यवसायियों और नागरिकों के लिए एक संदेश है कि सार्वजनिक नालों और रास्तों पर अतिक्रमण करना न केवल अवैध है, बल्कि यह पूरे शहर के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए खतरा है।