Jabalpur News: ठेकेदार ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन के रखे लेबर निकले चोर, पुलिस ने तत्परता दिखाई यूपी बार्डर से दबोचा
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। रांझी पुलिस ने अमृत योजना के तहत पाइप लाइन कार्य से जुड़े चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे आश्चर्यजनक बात यह कि ठेकेदार ने श्रमिकों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया, जबकि नियमानुसार यह जरूरी है।
आरोपी सरफराज खान और महेंद्र कुमार अहिरवार को एमपी-यूपी सीमा के ललितपुर से पकड़ा। जानकारी के अनुसार, पाइप लाइन कार्य एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। कंपनी के कुछ मजदूर पाइप फिटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कंपनी की बोलेरो गाड़ी और उसमें रखी सामग्री जैसे वेल्डिंग मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर आदि चोरी कर फरार हो गए थे।
कंपनी के सुपरवाइजर अभिनव कॉप की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन ललितपुर, झांसी पाई गई। ललितपुर पुलिस की मदद से आरोपियों को गाड़ी सहित पकड़ लिया गया। चोरी की सामग्री की कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई जा रही है।
गिरफ्तार किया गया सरफराज खान हरियाणा का रहने वाला हैं, जबकि महेंद्र कुमार अहिरवार टीकमगढ़ निवासी हैं। रांझी पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।