Jabalpur News: जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में गेट पास के नाम पर अवैध वसूली, शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया) में सायकल स्टेंड ठेकेदार द्वारा संचालित गेट पास व्यवस्था के नाम पर मरीजों के परिजनों से अवैध वसूली की जा रही है। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बाद उक्त व्यवस्था को समाप्त को बंद करने की कार्यवाही की गई है।
मीडिया अधिकारी अजय कुरील ने बताया कि जिला चिकित्सालय जबलपुर में मेसर्स मोहम्मद फारूख़ अहमद के माध्यम से संचालित गेट पास व्यवस्था जिसमें भर्ती मरीजों के परिजनों से 05/- रूपये प्रति व्यक्ति लेने के संबंध में लगातार विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं की शिकायतें मीडिया, स्वंय सेवक संघ एवं गरीब जन मानस द्वारा लगाई गई सीएम हेल्प लाईन से प्राप्त हो रही थी।
जिससे अस्पताल की व्यवस्था जनहित में प्रतिकूल रूप से प्रभावित हो रही हैं। जिला चिकित्सालय प्रशासन ने माना कि गेट पास की सुविधा अन्य शासकीय स्वास्थ्य इकाई जैसे मेडिकल कॉलेज एवं रानी दुर्गावती चिकित्सालय (लेडी एल्गिन) जबलपुर में भी इस तरह की सुविधा संचालित नहीं है।
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ नवीन कोठारी ने आदेश निकालकर व्याप्त अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वित्तिय वर्ष 2025-26 हेतु अनुबंध वृद्धि न होने से आगामी टेंडर प्रक्रिया तक के लिए गेट पास व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है एवं मेसर्स मोहम्मद फारूख़ अहमद को निर्देशित किया गया है कि उचित कार्यवाही कर आर.के.एस. शाखा से समस्त देयकों का भगुतान कर अनापत्ति प्राप्त करना सुनिश्चित करें।