Jabalpur News: चीना को रात में बदमाशों ने बेरहमी पीटा, सुबह हो गई युवक की मौत
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कोतवाली थानांतर्गत राजीव गांधी नगर निवासी एक युवक को क्षेत्र के बदमाशों ने इस कदर पीटा कि सुबह वह अपने पलंग पर मृत हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि राजीव गांधी नगर में रहने वाले 25 वर्षीय चीना उर्फ अंकित ठाकुर का बीती रात मोहल्ले में रहने वाले सौरभ ठाकुर, यश बेन, अंजू ठाकुर और अन्य लड़कों के साथ विवाद हो गया। इन लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सभी ने मिलकर अंकित ठाकुर को हाथ-घूसों, लकड़ी आदि से बेरहमी से पीटा।
विवाद की भनक लगते ही अंकित के परिजनों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और अंकित को घर लाकर सुला दिया। आज सुबह परिजनों ने देखा कि अंकित पलंग से उठा और उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अंकित की मौत बदमाशों की मारपीट के कारण ही हुई है।
मृतक की मां ने बताया कि सौरभ और उसके साथी पहले से अंकित के साथ खुन्नस रखते थे। पूर्व में भी सौरभ और उसके साथियों ने उस पर चाकू से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हुआ था और बाल-बाल उसकी जान बच गई थी। इसके बाद बदमाशों को सुकून नहीं मिला और आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उससे विवाद करते रहते थे।
बीती रात भी आरोपियों ने जबरन अंकित के साथ गाली-गलौज कर उसे उकसाया और फिर उस पर हमला कर दिया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सौरभ और उसके साथी आए दिन किसी न किसी के साथ विवाद कर क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास करते हैं। उनकी इन हरकतों से पूरा क्षेत्र त्रस्त भी हो चुका है। बीती रात भी इन लोगों ने जबरन अंकित के साथ विवाद किया। लोगों का कहना है कि इन हरकतों के मोहल्ले में बहुत ज्यादा अशांति का माहौल फैल गया है।