Jabalpur News: चरगवां में शममान घाट की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस बल मौके पर
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। चरगवां थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब अंतिम संस्कार को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद खड़ा हो गया। बताया जाता है कि कब्रिस्तान और मुक्ति धाम की जमीन को लेकर विवाद है। मुस्लिम समाज जिसे कब्रिस्तान बता रहा था, उस जगह को हिंदू संगठन चरागाह की जमीन बता रहा है।जिसके चलते मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों को बुलाया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक समुदाय के व्यक्ति की मृत्यु के बाद परिजन उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। परिजनों का कहना था कि जिस स्थान पर वे संस्कार करना चाहते हैं, वह जमीन उनकी नहीं है। शासन ने उन्हें अन्यत्र चार एकड़ जमीन आवंटित कर चुका है। लिहाजा जहां जमीन आवंटित की गई है वहीं पर शव दफनाया जाए।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। कुछ समय के लिए हालात ऐसे बन गए कि आसपास के लोगों में डर और तनाव फैल गया। विवाद की सूचना मिलते ही चरगवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DTxgbZMgUlP/?igsh=M2lyeWE4aTBvMDBq
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और शांति बनाए रखने की अपील की। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था पर सहमति बनाई गई, जिससे मामला शांत हुआ।