Jabalpur News: करमेता परशुराम वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, गंदगी-कीचड़ से परेशान रहवासी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के करमेता स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में नगर निगम की लापरवाही से लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सड़कों पर गंदगी के ढेर और नालियों में कीचड़ जमा होने से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। जिम्मेदार अधिकारी और पार्षद ध्यान नहीं दे रहे।
शुक्रवार को सौंपा ज्ञापन- समस्याओं से परेशान क्षेत्रवासियों ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे एकजुट होकर स्थानीय नगर निगम अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। रहवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी न तो नालियों की सफाई हुई और न ही कचरा उठाया गया।
नालियों में जमा कीचड़, सड़कों पर गंदगी- कॉलोनीवासियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढ़ेर लगे हैं। नालियां चौक होने से गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर बह रहा है। बारिश में हालात और बिगड़ जाते हैं। मच्छरों के प्रकोप से डेंगू-मलेरिया का डर बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
अधिकारी-पार्षद नहीं दे रहे ध्यान- स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार पार्षद और निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम की उदासीनता के चलते मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है।
तत्काल सफाई की मांग- ज्ञापन के माध्यम से रहवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि विश्वकर्मा कॉलोनी में तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए। नालियों की सफाई कर कीचड़ हटाया जाए और नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था की जाए। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DY7gjFRhw6Z/?igsh=Zm12ZWNhZTFqcTJ6