Jabalpur News: कचनार क्लब एंड रिज़ॉर्ट, खंडेलवाल ट्रेडर्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में सेंट्रल जीएसटी की छापेमारी
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। केन्द्रीय वस्तु एवं सेवा कर आयुक्तालय, जबलपुर द्वारा आयुक्त लोकेश कुमार लिल्हारे के निर्देशन में जीएसटी कानून के अनुपालन को सुनिश्चित करने तथा कर अपवंचन पर रोक लगाने हेतु कई लक्षित निरीक्षण एवं कार्यवाही की गई।
जीएसटी टीम द्वारा जबलपुर के बलदेवबाग क्षेत्र स्थित एक अघोषित गोदाम पर किए गए निरीक्षण में एम/एस खंडेलवाल ट्रेडर्स, कॉपर वायर व्यापारी, से संबंधित बड़ी मात्रा में अपंजीकृत/अघोषित कॉपर वायर स्टॉक पाया गया। प्रारंभिक जाँच से प्रतीत होता है कि यह स्टॉक विधिवत अभिलेखों में दर्ज नहीं था, जिससे कारोबार के दमन की संभावना है।
विस्तृत जाँच जारी है। इसी क्रम में, एम/एस कुनाल इंडस्ट्रीज, पांढुर्णा (म. प्र.), जो कि कॉपर वायर निर्माता है, के परिसर का भी निरीक्षण किया गया। बिक्री-खरीद दस्तावेजों, स्टॉक रजिस्टर तथा उत्पादन अभिलेखों की विस्तृत जाँच वर्तमान में प्रगति पर है।
विभाग द्वारा कचनार क्लब एंड रिज़ॉर्ट, विजय नगर, जबलपुर में भी जाँच प्रारंभ की गई है, जहाँ बैंक्वेट एवं मंडप सेवाओं की गुप्त/अघोषित आपूर्ति के प्रारंभिक साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिससे कर योग्य टर्नओवर के दमन की संभावना प्रकट होती है।
इस संबंध में जाँच जारी है। इसके अतिरिक्त, एम/एस आरांश एग्रोटेक, बलदेवबाग, जबलपुर के परिसर में किए गए निरीक्षण में वास्तविक माल आपूर्ति के बिना फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के अवैध लाभ एवं पारण के संकेत मिले हैं। अभिलेखों की जाँच एवं लेन-देन की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
उक्त समन्वित कार्यवाहियां विभाग की कर अपवंचन रोकने, राजस्व की सुरक्षा करने तथा निष्पक्ष व्यापारिक माहौल बनाए रखने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। सीजीएसटी आयुक्तालय, जबलपुर ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की प्रवर्तन कार्यवाहियाँ आगामी दिनों में भी जारी रहेंगी।