Jabalpur News: ऑनलाइन युवा खरीद रहे चाकू, रांझी पुलिस ने वीएफजे इस्टेट से दो को पकड़ा
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। युवाओं को बड़ी आसानी से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चाकू मिल रहे हैं। इस बात ने जबलपुर की पुलिस को चिंता में डाल दिया है। दरअसल, जबलपुर में चाकूबाजी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ज्यादातर मामलों में आरोपियों ने चाकू ऑनलाइन मंगाए थे। गत दिवस रांझी पुलिस ने वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे) इस्टेट खंडहर भवनों में दबिश देकर कार्तिक वंशकार और गणेश वंशकार नामक युवकों को पकड़ा।
थाना प्रभारी उमेश गोहलानी के अनुसार दोनों के पास से 5-6 बटनदार चाइना चाकू बरामद किए गए। उन्होंने ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी झंडा चौक क्षेत्र में चाकू लेकर घूमकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। दोनों के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार रांझी थाना क्षेत्र में जनवरी से अब तक ऐसे करीब 6 आरोपियों को चाइना चाकू के साथ पकड़ा जा चुका है। सभी के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अधिकांश आरोपी ये चाकू ऑनलाइन माध्यम से मंगाते थे। पुलिस इस नेटवर्क की जांच कर रही है।