Jabalpur News:संपत्ति विवाद में विजय नगर में देर-रात चली गोली, घायल युवक बोला; सौतेली मां के उकसावे पर पिता ने किया फायर
Jabalpur News: Late night shots were fired in Vijay Nagar due to property dispute, injured youth said; Father fired at the instigation of step mother

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। जबलपुर के विजय नगर थाना अंतर्गत ग्राम कचनारी में बुधवार रात करीब 1 बजे पिता-पुत्र के बीच संपत्ति विवाद को लेकर गोली चल गई। घायल अवस्था में थाना पहुंचे पुत्र का आरोप है कि उसके पिता ने सौतेली मां के उकसावे में आ कर उस पर गोली चला दी। गोली बेटे आकाश के हाथ और पैर में लगी है। घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घायल आकाश की शिकायत पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने उसके पिता हेमचंद पटेल और सौतेली मां के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से दोनों फरार हैं। आकाश ने बताया कि बुधवार की रात पिता ने उसे कॉल किया और घर पर बुलाया। दीनदयाल चौक में रहने वाला आकाश रात करीब 1 बजे बाइक से पिता के पास कचनारी गांव पहुंचा, तो वहां सौतेली मां भी मौजूद थी।
बातचीत के दौरान सौतेली मां ने गालियां दीं और मारपीट करने लगी। आकाश का कहना है कि सौतेली मां कमरे में गई और पिस्टल लाकर पिता को दे दी। वह कह रही थी, 'इसे खत्म कर दो, जिंदा रहेगा तो परेशान करेगा, हक मांगेगा।' इसके बाद पिता ने पहले हाथ में गोली मारी। जब आकाश भागने लगा तो दूसरी गोली उसके पैर में मारी।
देखिए वीडियो -
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि देर रात घायल युवक थाने आया था। उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। युवक ने बताया कि पिता ने सौतेली मां के साथ मिलकर उस पर हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल लाइसेंसी थी या नहीं।