Jabalpur News: RDVV में चल रही एसआईटी जांच के बीच अहम गवाह का शहडोल तबादला
Jabalpur News: Important witness transferred to Shahdol amid ongoing SIT investigation in RDVV

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। एमपी हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मध्य प्रदेश द्वारा गठित तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का विशेष जांच दल (एसआईटी) रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा पर एक महिला अधिकारी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रहा है। 16 जून तक एसआईटी को रिपोर्ट फाइनल करना है,इस बीच उक्त मामले में अहम गवाह मानी जा रही सहायक कुलसचिव सुनीता देवड़ी का सोमवार की देररात तबादला कर दिया गया है।
सहायक कुलसचिव को शहडोल के पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय भेजा गया है। वहीं पं. शंभुनाथ विश्वविद्यालय में पदस्थ रहे पवन साहू का तबादला RDVV कर दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग से जारी तबादला सूची में सहायक कुलसचिव सुनीता देवड़ी का नाम देख सभी आर्श्चय चकित हैं।
वहीं विश्वविद्यालय के गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। पूरे घटनाक्रम को जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं कुछ लोग तबादले को सामान्य भी बता रहे हैं। उनका कहना है कि आरडीयू से दो सहायक कुलसचिव सहित प्रदेश के कुल 15 अधिकारियों के तबादले उच्च शिक्षा विभाग ने किए हैं।
तबादला पॉलिसी के विपरित लिया गया निर्णय-
सहायक कुलसचिव सुनीता देवडी के सेवानिवृत्ति में महज एक साल शेष रह गए हैं। ऐसे में जानकारों का कहना है कि शासन द्वारा निर्धारित तबादला पॉलिसी के विपरित सहायक कुलसचिव को तबादला किया गया है।क्योंकि पॉलिसी में स्पष्ट है कि जिन कर्मचारियों-अधिकारियों के सेवानिवृत्ति में एक साल या उससे कम समय बचा है। उनका तबादला नहीं किया जाएगा। सहायक कुलसचिव सुनीता देवडी की तो भर्ती RDVV में हुई थी।