Jabalpur News: स्वच्छ वायु पुरस्कार लेकर संस्कारधानी पहुंचे महापौर अन्नू, निगमायुक्त का हुआ बैंड-बाजे-फूलों से स्वागत
Jabalpur News: Mayor Annu reached Sanskardhani with Clean Air Award, Municipal Commissioner was welcomed with band-baaja-flowers

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम जबलपुर को एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता मिली, जिसके कारण देश के मानचित्र पर जबलपुर का नाम गौरवांवित हो रहा है तथा देश के बेहतरीन शहरों में शामिल हुआ है। इस संबंध में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव एवं स्वच्छता सेल के संभव अयाची ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 के प्रतियोगिता में भारत सरकार द्वारा दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में नगर निगम जबलपुर को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
इस उपलब्धि से उत्साहित होकर आज महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के नगर आगमन पर डुमना एयरपोर्ट पहुंचकर शहर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्नेहीजनों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर ने स्वागत और सम्मान पाकर अभिभूत हुए और संस्कारधानी के देवतुल्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारी संघों, अधिकारियों कर्मचारियों और स्नेहीजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विगत 3 महिनों में नगर निगम जबलपुर को स्वच्छता में देश में पांचवां स्थान मिलने के बाद अब स्वच्छ वायु सर्वेक्षण प्रतियोगिता में भी देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो एक गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि देवतुल्य नागरिकों के संकल्प, जागरूकता, जनभागीदारी एवं अपने शहर के प्रति प्रेम ने यह उपलब्धि दिलाई है। महापौर ने बताया कि उनके कार्यकाल का यह वर्ष स्वर्णिम कार्यकाल माना जाएगा, क्योंकि स्वच्छता, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण के अलावा राष्ट्रीय शहर आजीविका मिशन एवं अन्य कार्यो के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर नगर निगम जबलपुर को सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में दूसरा स्थान प्राप्त करने के पूर्व स्वच्छता में देश में पॉंचवॉं स्थान, 7 स्टार रैंकिंग, गार्बेज फ्री सिटी, वॉटर प्लस सिटी, का दर्जा प्राप्त कर सफाई संरक्षकों की सुरक्षा मानकों पर भी देश में अव्वल स्थान बनाया है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों कर्मचारियों की कड़ी मेहनत रंग लाई है। महापौर ने उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बहुत ही गर्व के साथ जानकारी दी कि देश की इकलौती नगरीय निकाय जबलपुर क्षेत्र है, जहॉं मॉं नर्मदा में गंदे नाले का पानी नहीं मिलता है। महापौर ने उपस्थित सभी जनों के सामने यह संकल्प दोहराया कि आगे स्वच्छता एवं स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर को पहला स्थान दिलाने सामूहिक रूप से सार्थक प्रयास किया जाएगा।
नगर निगम जबलपुर को मिली बड़ी उपलब्धियों के लिए उन्होंने विशेषकर संस्कारधानी के देवतुल्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। आज भव्य स्वागत सम्मान के दौरान नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य एवं स्वास्थ्य प्रभारी रजनी कैलास साहू, एमआईसी सदस्य डॉं. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंषुल राघवेन्द्र यादव आदि ने भी उपस्थित होकर स्वागत एवं सम्मान किया।