MP News: प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड-डे

MP News: Cold day in many cities of the state

MP News: प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड-डे

डेस्क। ठंड का सितम लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह भी मध्यप्रदेश समेत देश के कई शहरों में कोहरा छाया हुआ है। मप्र में कई जगह कोल्ड डे डिक्लियर किया गया है।

हवाओं की तेज चाल के कारण प्रदेश के भोपाल, रायसेन, रीवा, नौगांव, सीधी, नर्मदापुरम, जबलपुर, सतना, गुना, शिवपुरी, बालाघाट, सिवनी, उमरिया और उज्जैन में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। यहां पर तापमान तो अधिक नहीं गिरा लेकिन ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को ठिठुरन का अहसास हुआ। भोपाल में सुबह 9 बजे के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। भोपाल, सागर, बालाघाट के मलाजखंड और दमोह में 200 से 500 मीटर तक विजिबिलिटी रही। भोपाल में दिन का तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा।

इससे पहले रात में पारा 10.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग की भाषा में कोल्ड डे उस स्थिति को कहा जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे कम रहे और दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो। इससे ज्यादा अंतर होने पर भीषण शीत दिवस घोषित किया जाता है।

इधर, जबलपुर की स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान 25.8 सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। आज सुबह हवा में 88 प्रतिशत नमी रही। इसी के साथ 3 से 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं तीखी गलन का अहसास करा रहीं थीं। गत वर्ष आज ही के दिन शहर का अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।