MP News: सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस हुई हादसे का शिकार, 10 की मौत

MP News: सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस हुई हादसे का शिकार, 10 की मौत

आर्य समय संवाददाता छिंदवाड़ा/जबलपुर। छिंदवाड़ा में गुरुवार की शाम करीब साढ़े 6 बजे उमरानाला इलाके में एक बस हादसे का शिकार हो गई। बस छिंदवाड़ा के पुलिस ग्राउंड में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से वापस लौट रही थी। इस हितग्राही सम्मेलन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए थे। छिंदवाड़ा एसपी ने हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है, मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है।

बताया जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है, हादसे में 41 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सेमरिया हनुमान मंदिर मोहखेड़ के पास ये हादसा हुआ है। बस में सवार सभी लोग सीएम के कार्यक्रम से लौट रहे थी तभी बस की ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद बस पलट गई और चीख पुकार मच गई। घटना का पता चलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा है जो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटा हुआ है।

 हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मची हुई है। बस पलटने की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। 20 से ज्यादा एंबुलेंस मौके पर पहुंची हैं जो घायलों को अस्पताल ले जा रही हैं।

इस हादसे के बाद सड़क पर 4-5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। जो बस हादसे का शिकार हुई है वो भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है। जानकारी मिली है हादसे में एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया और कई के सिर फूटे हैं।