Jabalpur News: राजीव गांधी नगर में युवक की हत्या

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। माढ़ोताल थानाक्षेत्र के राजीव गांधी नगर में बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक राजीव गांधी नगर में रहने वाला ईश्वर वंशकर मोहल्ले की दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में शामिल होकर हनुमानताल तालाब जा रहा था। तभी वह गुटखा लेने के लिए गली नंबर -5 में घुस गया। जहां पहले से खड़े हुए फुलवर भट्ट, अरुण भट्ट, अरुण जैन, राज भट्ट और शिवम चक्रवर्ती उसे देखकर गंदी-गंदी गालियां देने लगे।
इससे पहले कि ईश्वर कुछ समझ पाता कि सभी ने तलवार, लोहे के पाइप और हाथ घूसों से उस पर हमला कर दिया। ईश्वर जब लहुलुहान होकर अचेत होकर गिर पड़ा तो बदमाश वहां से भाग गए। ईश्वर के बेटे व अन्य लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी लगी वे लोग मौके पर पहुंचे और उसे अचेत हालत में मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ईश्वर के बेटे देव ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की आरोपियों से कोई दुश्मनी नहीं थी न ही कभी कोई सीधे तौर पर विवाद हुआ था। हां उसने यह आरोप जरुर लगाए कि घटना में जितने भी लोग शामिल थे, वे सभी उसकी छोटी जाति से बहुत ज्यादा द्वेष रखते थे और मन ही मन बहुत जलते थे। संभवत इसी जलन के चलते आरोपियों ने उसके पिता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को दबोचा जा सके।