Jabalpur News: डाॅक्टर के घर में मिला आंगनवाड़ी के बच्चों का पोषण आहार का स्टाक, तहसीलदार की उपस्थिति में टीम ने जप्त की 140 बोरी

Jabalpur News: डाॅक्टर के घर में मिला आंगनवाड़ी के बच्चों का पोषण आहार का स्टाक, तहसीलदार की उपस्थिति में टीम ने जप्त की 140 बोरी

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 6 माह से 3 साल के बच्चों को विटामिन एवं मिनरल्स से परिपूर्ण पूरक पोषण आहार (हलुआ प्रिमिक्स) का वितरण आंगनबाड़ी में दर्ज बच्चों की संख्या के आधार पर किया जाता है।

बच्चों के आहार में कटौती कर कुछ लोगों द्वारा शासकीय खाद्यान्न की कालाबाजारी/ अवैध स्टाक करने की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम ने करिया पाथर मरघटाई रोड़ के समीप एक मकान में सर्च कार्रवाई करते हुए करीब 140 बोरी खाद्यान्न पकड़ा है।

टीम ने कमरे को सील करते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जप्त बोरियों में महिला आजीविका औद्योगिक सहकारी संस्था मर्यादित मंडला (मप्र) की सील लगी हुई है। बोरियों में अंकित तारीख 19/01/2025 को मार्कर पेन से 19/01/2026 किया गया है।

प्राथमिक जांच में टीम को यह जानकारी मिली है कि साल 2019 में भी इसी मकान में परिपूर्ण पूरक पोषण आहार का अधिक मात्रा में स्टाक मिला था। डीपीओ महिला एवं बाल विकास सौरभ सिंह ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में मिलने वाले राशन का अनाधिकृत रूप से भंडारण करने की सूचना पर कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।

बंद मकान का ताला तोड़कर देखा गया, तो उसमें करीब 140 बोरी खाद्यान्न रखा हुआ मिला है। मकान की देखरेख कोई दीपक यादव करते हुए हैं, शासकीय आनाज का इतना स्टाक कैसे आया है, इसकी पूरी जांच-पड़ताल कराई जा रही है। स्टाक को जप्त किया गया है, डॉ. यादव ने उक्त मकान किसी परिवहनकर्ता को दिया हुआ है। प्राथमिक जांच के बाद जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। 

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DV0GlbDkb-b/?igsh=eGp4cGl5NThvZW95

5 साल पहले डेयरी में मिला था खाद्यान्न- गौरतलब है कि जुलाई 2021 को अधारताल पुलिस ने खैरी स्थित सिडाना दूध डेरी में आंगनबाडी में बच्चों को बांटने वाला शासकीय अनाज गाय-भैंसो को खिलाने के लिए आटो क्रमांक एमपी 20 एलए 9523 में भरकर अपनी डेरी मे बुलवाया था।

जांच टीम को सिडाना डेरी में दबिश देते हुए डेरी के गोदाम मे शासकीय अनाज की 20 बोरी व आटो में 30 बोरियां लोड मिली थी। प्रत्येक बोरी मे 10 पैकेट दालियां व 10 पैकेट दाल चावल मिक्स के थे। पूछताछ करने पर आटो चालक अभिषेक सेन ने टीम को बताया था कि वह माढोताल क्षेत्र की एक आंगनवाडी वाले के कहने पर आगंनबाडी खाद्यान्न की 50 बोरियां डेरी मे देने आया था। खासबात तो यह थी कि डेयरी से जब्त पोषण आहार की स्टॉक रजिस्टर में प्रविष्ठी ही नही मिली थी, एक बोरी अनाज 300 रु पए में बेचने की बात सामने आई थी।