Jabalpur News: गढ़ा बाज़ार में गिरा पेड़, कई घर हुए क्षतिग्रस्त
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गढ़ा बाज़ार क्षेत्र में नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया, जिससे आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुँचा है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
लापरवाही का आरोप- स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के दौरान कुछ विशेष लोगों के निर्माण को बचाने की कोशिश की जा रही थी। इसी फेरबदल के चक्कर में पेड़ की जड़ों को एक तरफ से काफी गहरा (करीब 1.5 से 2 फीट) खोद दिया गया, जिससे पेड़ बेहद कमज़ोर हो गया और अचानक भरभरा कर गिर पड़ा।
टला बड़ा हादसा- प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वक्त पेड़ गिरा, वहाँ एक हाइवा खड़ा था जिसने पेड़ के भार को रोक लिया। यदि वह हाइवा वहां नहीं होता और शाम के समय बाज़ार में भीड़ होती, तो यह एक बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस 'बिना सोचे-समझे' की गई कार्रवाई पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं- वीडियो में स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि पेड़ गिरने की आशंका के बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतज़ाम नहीं किए गए थे। अधिकारियों की कथित लापरवाही ने न केवल संपत्ति का नुकसान किया है बल्कि लोगों की जान को भी जोखिम में डाल दिया था।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DWOgHP5EVg5/?igsh=cHNibzRzeG9ybWky