Jabalpur News: खाना समय पर नहीं देने पर बेटे ने मां को मौत के घाट उतारा
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। ग्राम जमुनिया बदरिया कुंडम में दिल-दहलाने वाला वारदात सामने आयी है। यहां पर महज खाना न देने पर कलयुगी बेटे ने मां पर हंसिया से हमला कर हत्या कर दी। घर से चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए जंगल की ओर भाग निकला। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम जमुनिया बदरिया निवासी जमुना मरावी गुरुवार की सुबह के वक्त घर में काम कर रही थी। इस दौरान बड़ा बेटा दीपक गांव से घूम कर घर आया और मां से भोजन मांगने लगा। चूकि मां दूसरे काम में लगी थी, इसलिए ध्यान नहीं दिया। कुछ देर बाद दीपक ने फिर खाना मांगा जिस पर मां ने यह कहा कि वह खाना बना रहीं हैं,समय लगेगा। इतना सुनते ही दीपक गुस्से से आगबबूला हो गया।
उसने मां के साथ गाली गलौज शुरु कर दी। मां द्वारा गाली बकने से डांटने पर दीपक ने तसला उठाकर मां के सिर पर मार दिया। मां पर हमला होते देख छोटे भाई-बहन ने बीच बचाव किया तो दीपक वहां से चला गया। कुछ देर बाद फिर आया और मां के साथ गाली गलौज करते हुए हंसिया उठाकर गर्दन पर मार दिया। पति श्यामसिंह ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हे भी धक्का देकर भाग गया।
हमले में मां जमुना मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। जमुना को खून से लथपथ हालत में देख छोटे भाई व बहन चीख पड़े शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो दीपक धमकी देते हुए जंगल की ओर भाग गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए। जिन्होने पूछताछ के बाद दीपक को तलाश करते हुए जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच मे यह भी सामने आया कि आरोपी दीपक के घर में उसके माता-पिता, छोटे भाई-बहन हैं। परिवार गांव के आसपास मजदूरी कर जीवन-यापन करता है। पिता भी बीमार रहते हैं।