Jabalpur News: कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार डॉ.कोठारी को सौंपा
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिविल सर्जन डॉ. नवनीत कोठारी को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। रविवार रात इसके आदेश जारी किए गए। इसके साथ ही डॉ. संजय मिश्रा इस दायित्व से मुक्त हो गए हैं। उन्हें करोड़ों के घोटाले में निलंबित किया गया है। वे प्रभारी सीएमएचओ के साथ संयुक्त संचालक की कुर्सी भी संभाल रहे थे।
डॉ. संजय मिश्रा को निलंबित करते हुए मुख्यालय भोपाल संभाग के क्षेत्रीय संचालक कार्यालय में अटैच किया गया है। दरअसल, सीएमएचओ कार्यालय में फर्जी देयकों के माध्यम से भुगतान किए जाने की शिकायतों के बाद जांच शुरू की गई थी।
डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में गठित टीम ने पाया कि भोपाल की एक निजी कंपनी को 12 फर्जी बिलों के जरिए करीब 93.04 लाख रुपए का भुगतान किया गया है, जबकि संबंधित सामग्री कभी प्राप्त ही नहीं हुई। कलेक्टर के निर्देश पर जांच कर रही टीम आज रिपोर्ट सौंपेगी।