Jabalpur News: आस्था और भक्ति का उमड़ा जन सैलाब, सालीवाडा गौर सहित आसपास के गांवों में धूमधाम से ज्वारे विसर्जन
आर्य समय संवाददाता,सालीवाडा गौर। चैत्र नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर ग्राम सालीवाडा गौर एवं आसपास के गांवों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नौ दिनों तक माता रानी की सेवा-आराधना के बाद अंतिम दिन पूरे क्षेत्र में उत्साह और आस्था का वातावरण बना रहा। सुबह से ही ग्राम के श्रद्धालु—बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग—ग्राम खेरमाई मंदिर पहुंचे, जहां माता रानी को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
भक्तों ने माता को मिष्ठान, पूड़ी-हलवा का भोग अर्पित किया और विधि-विधान से हवन-पूजन सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। घर घर में व्रतधारी नागरिकों ने अपने घरों में देवी समान पूज्य कन्याओं का विधिवत पूजन कर भोजन प्रसाद ग्रहण कराया। दिनभर पूजा-अर्चना के बाद शाम होते ही ज्वारे विसर्जन की तैयारियां शुरू हुईं।
अग्रवाल मोहल्ला पुरानी बस्ती से भव्य ज्वारे शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। और गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए पूरे गांव से होते हुए गौर नदी चक्की घाट पहुंचे। पूरे रास्ते भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। गौर नदी चक्की घाट पहुंचकर विधि-विधान से ज्वारे विसर्जित किए गए और माता रानी को भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर पूरे गांव के लोगों ने एकजुट होकर आस्था और परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। नवरात्रि के इस समापन अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भाईचारे का माहौल देखने को मिला, जहां हर चेहरे पर श्रद्धा और संतोष झलक रहा था। “जय माता दी” के जयकारों के साथ मां दुर्गा को अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण दिया गया। ग्राम नीमखेड़ा कटिया घाट गौरैया घाट खमरिया पिपरिया में भी विशाल जवारे की विशाल शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे बुजुर्ग शामिल रहे।