Jabalpur News: RDVV कर्मियों की हड़ताल स्थगित, मांगों को पूरा करने विवि प्रशासन ने मांगे 30 दिन

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल के हड़ताल से भाग खड़े होने के बाद कर्मचारियों का आंदोलन 26 वें दिन आखिरकार स्थगित कर दिया गया।
कर्मचारी संघ के महासचिव राजेन्द्र प्रसाद शुक्ला ने बताया कि विगत सोमवार को कुलगुरू और कुलसचिव की संघ से हुई चर्चा उपरांत विश्वविद्यालय प्रशासन से पत्र प्राप्त हुआ। जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण, समयमान वेतनमान क़ी अंतर राशि, बैकलॉग कर्मचारियों को समय मान वेतन सहित समस्त 20 सूत्रीय मांगो को पूरा करने के लिए एक माह का समय मांगा गया था।
जिससे कर्मचारियों की आमसभा में रखा गया। यद्यपि आमसभा में अनेक कर्मचारी आंदोलन स्थगित करने के पक्ष में नहीं थे। उनका कहना था कि 26 दिन तक आंदोलन के उपरांत केवल लिखित आश्वासन के आधार पर आंदोलन स्थगित करना उचित नहीं है।
इसके बावजूद इस महीने दशहरा और दीपावली के अवकाश, कर्मचारियों को वेतन भुगतान और संघ अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पटेल द्वारा पूर्व में स्थगन संबंधी दिए गए पत्र के आधार पर कर्मचारियों द्वारा आंदोलन को स्थगित करने की सहमति बन पाई और विश्वविद्यालय तथा छात्र हित में आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय पारित किया गया।
जिससे यह साफ हो गया कि सोमवार से विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय खुल जाएंगे! आम सभा को कर्मचारी संघ के प्रेम प्रकाश पुरोहित, वीरेंद्र तिवारी, राजकुमार तिवारी, केपी नापित, अंकित श्रीवास, ओम प्रकाश शुक्ला, हरे कृष्ण पाण्डेय आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ संजय तिवारी, प्रभात श्रीवास्तव, मोतीलाल द्विवेदी, रोहित आर्या, गणेश उनेहा, रजनीश पाण्डेय आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।