Jabalpur News: 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पुलिस चलाएंगी हेलमेट जागरूकता अभियान, 6 नवंबर से होगी सख्ती
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं गंभीर चोटों को रोकने हेतु दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य करने के लिए समय समय पर दिषा निर्देष जारी किए जाते है। सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का अध्ययन करने पर पाया गया कि वर्ष 2024 में प्रदेश में कुल 56669 सड़क दुर्घटनाएं हुई है तथा 13661 व्यक्तियों ने इन दुर्घटनाओं में अपनी जान गवांई है।
सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक 53.8 प्रतिशत मृत्यु दो पहिया वाहन चालकों की हुई है। इनमें से 82 लोगों की जान हेलमेट धारण नहीं करने से हुई है। सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्युदर में कमी लाने की दृष्टि से हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा दो पहिया वाहन पर सवार प्रत्येक व्यक्ति को दो पहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। (पगड़ी धारण करने वाले सिख सामुदाय को छोड़कर)
पुलिस द्वारा प्रदेश भर में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक 15 दिवसीय हेलमेट जागरूकता अभियान चलाए जाएगा, इसके पश्चात 6 नवंबर से प्रत्येक दिवस व्यापक रूप से यातायात बल को दो समूहों में अलग-अलग लोकशन पर तैनात किया जाकर हेलमेट चेकिंग करने हेतु निर्देश दिए गए है। उक्त निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा 22 अक्टूबर से 15 दिवसीय हेलमेट जागरूकता अभियान चलाए जाने हेतु आदेशित किया ।
आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी के मार्गनिर्देशन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात मालवीय चौक संतोष शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक यातायात गढा बेैजनाथ प्रजापति, उप पुलिस अधीक्षक यातायात घमापुर संगीता डामोर के नेतृत्व में यातायात पुलिस (यातायात थाना मालवीय चौक, गढा, घमापुर) द्वारा बुधवार 22 अक्टूबर से थाना क्षेत्रांतर्गत प्रमुख चौक, चौराहों पर टीम बनाकर हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया।
सूबेदार रोहित तिवारी यातायात मालवीय चौक एवं उनकी टीम द्वारा रानीताल चौक पर, सूबेदार राहुल सिंह एवं उनकी टीम द्वारा पुराना बस स्टैण्ड पर, सूबेदार दिनेश शर्मा यातायात घमापुर एवं उनकी टीम द्वारा मालगोदाम चौक पर, थाना प्रभारी यातायात गढा, सूबेदार मनीष प्यासी एवं उनकी टीम द्वारा छोटी लाईन फाटक, कटंगा इत्यादि स्थानों पर दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई तथा पंपलेट वितरित कर जागरूक किया ऐसे वाहन चालक जो हेलमेट साथ में रखते है किंतु उसे धारण नहीं करते उन्हें हेलमेट पहनने हेतु प्रेरित किया गया तथा मौके पर ही हेलमेट पहनाए गए।
ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके। सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की मृत्यु के आंकड़ो की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की समझाईश दी गयी। पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने संस्कारधानी वासियों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करना नितांत आवश्यक है, यातायात नियमों की कभी भी अनदेखी न करें, क्योंकि जिंदगी अनमोल है, वाहन चलाते समय यदि सही तरीके से यातायात नियमों का पालन किया जाये तो 50 प्रतिशत दुर्घटनाओं को टाला जा सकता हेै।