Jabalpur News: रामसागर तालाब में नहाने गए युवक डूबे, एक का सुबह मिला शव, दूसरे की तालास में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Jabalpur News: रामसागर तालाब में नहाने गए युवक डूबे, एक का सुबह मिला शव, दूसरे की तालास में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गोसलपुर स्थित रामसागर तालाब में सोमवार शाम डूबे दो युवकों में से एक का शव मंगलवार की सुबह रेस्क्यू के दौरान बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक गोसलपुर थाना क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में रहने वाले इरावत, अर्जुन और करण सोमवार शाम रामसागर तालाब में नहाने गए थे। काफी देर तक नहाने के दौरान अचानक 19 साल के इरावत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। इरावत को डूबता देख 21 साल का अर्जुन उसे बचाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहरे पानी में चला गया।

देखते ही देखते दोनों डूब गए। घटना के समय पास खड़ा करण दौड़कर झुग्गी बस्ती पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग तालाब पहुंचे और तलाश शुरू की। पुलिस और गोताखोरों ने रात तक तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

मंगलवार सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया गया। सुबह करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीच झाड़ियों में फंसा मिला। इधर, इरावत का अभी तक पता नहीं चल सका है। गोताखोर लगातार तलाश कर रहे हैं। सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने भी घटनास्थल पहुंचकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और परिजनों को सहायता राशि दिलाने का भरोसा दिया।