Jabalpur News: राजस्थान से आज सुबह जबलपुर पहुंचे पांचों शव, श्याम खाटू जाते समय हुए थे हादसे का शिकार
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। राजस्थान में राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर शनिवार सुबह सड़क हादसे के मारी गई एक महिला व चार युवकों के शव आज सुबह जबलपुर पहुंचे। सदर निवासी शानू शुक्रवारे की घर आज सुबह 9 बजे शव पहुंचते ही परिवार के साथ पूरे झिरिया बस्ती के रहवासियों की आंखों से आंसू छलक पड़े। पेशे से एलआईसी ऐजेंट शानू के कंधों पर ही पूरे परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी थी। घर में बुजुर्ग और बीमार पिता और छोटे भाई का शानू ही सहरा था। अब बुजुर्ग पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
इसी तरह शिक्षिका रेशमा श्रीवास्तव और अन्य तीन युवकों के घरो का दृश्य था। चुंकि दुर्घटना 13 फरवरी को हुई थी और इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिसके चलते शवों के घर पहुंचते ही उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजन ले गए। उल्लेखनीय है कि रेलवे शासकीय स्कूल में टीचर रही रेशमा पति अखिलेश श्रीवास्तव के साथ माढ़ोताल निवासी निवासी पीयूष राय, कटंगी रोड मदर टेरेसा नगर निवासी अनुराग रजक, माढ़ोताल खेरमाई मंदिर के पास निवासी राहुल रजक और सदर झरिया निवासी शानू शुक्रवारे 12 फरवरी को उज्जैन महाकालेश्वर महादेव के दर्शन के लिए निकले थे।
13 फरवरी को दर्शन के बाद वे खाटूश्यामजी (सीकर) के दर्शन के लिए कार से रवाना हुए थे। इसी दौरान जयपुर के चाकसू इलाके में यह दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 5.30 बजे चाकमू के पास उनकी कार एक ट्रेलर में जा घुस गई थी। तेज टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। शव उसके अंदर फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी मृतकों के पोस्टमार्टम होने सहित प्राथमिक कार्रवाई के बाद राजस्थान पुलिस ने 2 वाहनों में शव जबलपुर के लिए रवाना किए थे।