Jabalpur News: महिला की हत्या, भाजपा कार्यालय के समीप मिली लाश को नोंच रहे थे सूअर
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के पीछे और रानीताल खेल मैदान के समीप झाड़ियों में सुबह-सुबह एक महिला की रक्तरंजित लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। सूचना पर एएसपी शहर आयुष गुप्ता, थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य और एफएसएल प्रभारी मौके पर पहुंचे। टीम ने प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
लार्डगंज पुलिस ने बताया कि रानीताल खेल मैदान की दीवार के समीप झाड़ियों के बीच एक महिला की लाश मिली है। प्राथमिक जांच में महिला के गले और पेट में चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा है। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि किसी ने महिला की हत्या कर लाश को दीवार के किनारे फेका है।
मृतिका की शिनाख्त पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। महिला ब्लेक कलर की गाउन पहने हुए है। दाहिने हाथ में गुदना से फूल बना हुआ है। बताया जाता है कि वारदात को अंजाम देने वाले ने गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से हमला किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच अधिकारी का कहना है कि संभवत: लाश शनिवार रात में उक्त स्थान में फेकी गई है।
सुअर नोच रहे थे मांस- प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि सुबह-सुबह वह रानीताल स्टेडियम के पास से गुजरा रहा था, तब मौके पर किसी ने बताया कि यहां किसी महिला की हत्या कर लाश को फेका गया है। झाड़ियों के समीप जाकर देखा तो सुअर लाश से मांस नोच रहे थे।
एएसपी शहर आयुष गुप्ता ने बताया कि स्टेडियम की बाउंड्रीवॉल के समीप एक अज्ञात महिला का शव मिला है। मृतिका की उम्र करीब 25-30 साल के आसपास है। सड़क किनारे झुग्गी बनाकर रहने वालों ने लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। मृतिका की शिनाख्त के हरसंभव प्रयास कराते हुए मामले की विस्तृत जांच पड़ताल कराई जा रही है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DVnJZtxkYz6/?igsh=MXJleXpta2F0ejU3NQ==