Jabalpur News: तेज रफ्तार हाइवा में स्कूटर सवार को रौंदा, पहियों में फंसे स्कूटर में लगी आग से हाइवा भी जला, युवक की मौत
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रविवार की रात करीब दो बजे खजरी खिरिया बाईपास पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने स्कूटर सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटर हाईवा के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। स्कूटर के घिसटने के कारण उसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे हाइवा को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
हालांकि की बाईपास पर मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से गंभीर रूप से घायल युवक को हाइवा के नीचे से निकाल लिया। लेकिन उक्त युवक का कमर से नीचे का पूरा शरीर,पैर घसीटने से क्षतिग्रस्त हो गए थे। दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची निरीक्षक पूर्वा चौरसिया और हनुमानताल थाने के पुलिस बल ने स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू करवाया।वहीं हाइवा में लगी आग पर फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा लिया। पुलिस ने घायल को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान माढ़ोताल शंकर नगर निवासी अजीत चौधरी के रूप में हुई है। मृतक युवक कांग्रेस के पूर्व जिला सचिव बताए जा रहे हैं।
हादसा होते ही आरोपी चालक हाईवा छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए - https://www.instagram.com/reel/DZUGnNsRQQB/?igsh=anZ0eWNocGIzOHk=