Jabalpur News: अमेरिका में भारतीय तिरंगे के अपमान के विरोध में NEYU ने किया प्रदर्शन
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रविवार को मालवीय चौक में नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन (NEYU ) द्वारा अमेरिका में भारतीय तिरंगे के कथित अपमान एवं उसे फाड़े जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। किसी भी देश में भारतीय ध्वज का अपमान भारतीय नागरिकों की भावनाओं को आहत करता है और ऐसी घटनाओं की निंदा की जानी चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्र की गरिमा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़े नारों के माध्यम से तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया गया तथा युवाओं से राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील रहने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में NEYU के जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा के नेतृत्व में अविनाश गोस्वामी, आदित्य साहू, यशराज मौर्य, सुमित शर्मा, अश्विनी गुप्ता, धीरज शर्मा, करण तिवारी, क्षितिज गनवीर, राहुल झरिया, ललित केवट, सुजल झरिया, श्रेयांश एवं शिवम सहित अन्य कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे। अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की रक्षा हेतु सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ।