Jabalpur News: जस्टिस विवेक रूसिया बने हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस, नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति तक संभालेंगे कार्यभार
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। एमपी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा व जस्टिस शील नागू सहित पांच जजों की नियुक्ति को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है। शपथ ग्रहण इसी सप्ताह होगा। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट जज के रूप में पदोन्नत करने के लिए सुप्रीम कोर्ट कालेजियम ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा के नाम की पिछले दिनों अनुशंसा की थी।
इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस चंद्रशेखर और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण पल्ली को भी उनके उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड के आधार पर पदोन्नत किया गया है। पांचवें नाम के रूप में सुप्रीम कोर्ट की ही वरिष्ठ अधिवक्ता वी. मोहाना को सीधे बेंच में शामिल करने का फैसला लिया गया है।
चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा की पदोन्नति के बाद जस्टिस विवेक रूसिया मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं। मिनिस्ट्री ऑफ लॉ एंड जस्टिस डिपार्टमेंट ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। जस्टिस विवेक रूसिया उनका जन्म 2 अगस्त 1969 को जबलपुर में हुआ था।
बीएससी और एलएलबी की डिग्रियां प्राप्त करने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश राज्य बार काउंसिल ने 8 अगस्त 1992 को अधिवक्ता के रूप में नामांकित किया था। उनके पिता स्वर्गीय प्रभाकर रूसिया मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता थे। उन्होंने अपनी वकालत की शुरुआत मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में की थी।