Jabalpur News: घमापुर में महिला की हत्या के बाद हंगामा, क्षेत्रीय महिलाओं और परिजन लाश लेकर पहुंचे थाना, चक्काजाम
आर्य समय संवाददाता,जबलपुुर। शुक्रवार की रात घमापुर क्षेत्र में एक घरेलू कामगार महिला की गला दबाकर की गई हत्या के मामले में आक्रोशित क्षेत्रीय महिलाओं और परिजनों ने आज जमकर हंगामा किया।लाश लेकर घमापुर थाना पहुंचे परिजनों का कहना था कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। वहीं आरोपी को जल्द पकड़ा जाए।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि मृतका को खाने का लालच देकर बुलाया गया था। इसके बाद उसके साथ चार-पांच लोगों ने मारपीट की है। जिसके बाद उसका गला दबाकर हत्या की गई है। लिहाजा वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लिए जाने की जानकारी परिजनों को दी और कार्यवाही का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर परीजन माने।
इधर, थाना प्रभारी ने बताया कि शार्ट पीएम रिपोर्ट गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। जिसके घर में वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में अब आगे जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे अतुल कोरी नामक व्यक्ति के घर में 38 वर्षीय आरती चौधरी नामक महिला की लाश मिली थी।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYHXjejRNQF/?igsh=YTNjcXA5MTNleHI=
पुलिस पूछताछ में पता चला कि यह मकान अतुल कोरी का है, जो अपनी मां के साथ रहता था। दो दिन पहले उसकी मां किसी शादी समारोह में शहर से बाहर गई हुई थी। आरती रोजाना की तरह शुक्रवार शाम को काम करने अतुल के घर पहुंची थी। आशंका जताई जा रही है कि घर में अकेला होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।