Jabalpur News: कलेक्टर-एसपी पहुंचे RDVV, 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Jabalpur News: कलेक्टर-एसपी पहुंचे RDVV, 36वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) का 36वाँ दीक्षान्त समारोह 21 जून को आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय में गुरुवार को जिला प्रशासन एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों द्वारा दीक्षान्त समारोह की तैयारियों का जायजा लिया गया।

इस दौरान कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एसडीएम मोनिका बाघमारे एवं कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में दीक्षांत समारोह की विभिन्न समितियों के संयोजकों से तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

साथ ही दीक्षान्त समारोह में प्रेक्षागृह में मंच की बैठक व्यवस्था, दीक्षान्त शोभा यात्रा के साथ-साथ सम्पूर्ण आयोजन के दौरान विद्युत व्यवस्था एवं विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों की पार्किंग हेतु समुचित व्यवस्था के लिए भी सुझाव प्राप्त हुए।

इस अवसर पर दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एसएस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी, प्रो. ममता राव, प्रो. अलका नायक, प्रो. जेके मैत्रा, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, पलन साहू, डॉ. अजय सिंह, ओमप्रकाश यादव सहित विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे। 

शनिवार को भी स्वर्ण पदक एवं उपाधि धारक के पंजीयन हेतु कार्यालय खुलेगा- दीक्षांत समारोह के लिए स्वर्ण पदक एवं उपाधि धारक के पंजीयन प्रारंभ हो गए हैं, इसकी अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार 6 जून को अवकाश के दिन भी कार्यालय खुला रहेगा। विद्यार्थी स्वर्ण पदक के पंजीयन हेतु अधिष्ठाता छात्र कल्याण में एवं पीएचडी उपाधि के पंजीयन हेतु गोपनीय विभाग में दोपहर 12 बजे से सायं 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।