Jabalpur News: आरोपों में घिरे समाजसेवी राघवेन्द्र तिवारी ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

Jabalpur News: आरोपों में घिरे समाजसेवी राघवेन्द्र तिवारी ने एएसपी को सौंपा ज्ञापन, ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सत्ताधारी दल के नेताओं से नजदीकी बता कर लोगों से रुपए लेने के आरोपों में घिरे समाजसेवी राघवेंद्र दत्त तिवारी ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने विरुद्ध हुई शिकायत को झूठा बताया। पुलिस अधीक्षक की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Additional SP) सूर्यकांत शर्मा द्वारा प्राप्त किया गया।

अपने आवेदन में राघवेंद्र दत्त तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों निशांत लोधी (राजा) और गीता अरोरा द्वारा जो नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया गया है वह पूर्णतः गलत है। श्री तिवारी ने एएसपी को सौंपे गए ज्ञापन के साथ न्यायालयीन दस्तावेज (प्रदर्श P-1 से P-5) संलग्न किए हैं।

इन साक्ष्यों से स्पष्ट होता है कि उन्होंने अनावेदक की अनुकंपा नियुक्ति के लिए कानूनी रूप से कैट (CAT), जबलपुर बेंच में याचिका दर्ज कराई थी, जिसमें अनावेदक के पक्ष में आदेश भी पारित हो चुका है। न्यायालय के आदेश पर स्वयं आगे की कार्यवाही न करते हुए, अनावेदकगण द्वारा अब अपनी लापरवाही छुपाने और अवैध रूप से धन वसूलने के लिए पुलिस प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है।

श्री राघवेंद्र दत्त तिवारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और पुलिस को गुमराह करने, ब्लैकमेल करने तथा समाज में प्रतिष्ठा धूमिल करने के अपराध में अनावेदकगण के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच का आश्वासन दिया है।