Jabalpur Breaking News: कटंगा के युवक की बरगी डेम में डूबने से मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बरगी डेम घूमने आए एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गोरखपुर कटंगा निवासी ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ बरगी डेम क्षेत्र घूमने आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईश्वर सिंह पुलघाट में नर्मदा नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए तुरंत नदी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।