Jabalpur News:आज शाम फिर झौंकेदार हवाओं के साथ बौछार की आशंका
Jabalpur News: There is a possibility of showers with gusty winds again this evening

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के साथ उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय चक्रवात और के चलते प्रभावित हुए मौसम के प्रभाव से कल शाम तेज हवाओं के साथ बौछार पड़ी। शहर सहित पूरे महाकोशल में कहीं-कहीं ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विदों की मानें तो आज भी दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान कल जैसे ही 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार की हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है। कल से धीरे-धीरे मौसम खुलने के चांस हैं। मौसम साफ होते ही एक बार फिर तापमान उछाल मारेगा।
स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी ) मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ पवनो में एक ट्रफ के रूप में जिसकी धुरी माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी ऊंचाई पर है, 77 अंश पूर्वी देशांतर से 18 अंश उत्तरी अक्षांश के उत्तर में अवस्थित है। इसी के साथ एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसका असर जारी है।
मौसम विज्ञान विभाग भोपाल से जारी चेतावनी में कहा गया है कि आज दोपहर बाद भी झौंकेदार तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, ओलावृष्टि और बौछार पड़ सकती हैं। तापमान धड़ाम, सामान्य से 5 डिग्री नीचे कल शाम को चलीं तेज हवाओं और बौछार से तापमान धड़ाम हुआ है।
कल दिन का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। आज सुबह न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य से 5 डिग्री कम था। गत वर्ष आज ही के दिन शहर का अधिकतम तापमान 38.0 डिसे और न्यूनतम तापमान 25.3 डिसे दर्ज किया गया था।