Jabalpur News: ईदगाह में सुबह 10:30 बजे अदा की जाएगी ईदुज्जुहा की नमाज़

Jabalpur News: Eid-ul-Adha prayers will be offered at 10:30 am in Idgah

Jabalpur News: ईदगाह में सुबह 10:30 बजे अदा की जाएगी ईदुज्जुहा की नमाज़

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कुर्बानी का पर्व ईदुज्जुहा 7 मई शनिवार को परम्परागत आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस्लामी धर्मग्रंथों के अनुसार लगभग 5 हजार वर्ष पूर्व पैगम्बर हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के हुक्म पर अपने प्रिय फरजंद हज़रत इस्माईल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी के वास्ते पेश किया था। दरअस्ल यह इम्तेहान था जिसमें हज़रत इब्राहीम अलैहिस्सलाम कामयाब हुए और खलीलुल्लाह कहलाए।

हजरत इस्माईल अलै. के बदले में एक दुम्बा की कुर्बानी कबूल हुई। कुर्बानी की इस महान यादगार के उपलक्ष्य में हर साल दुनिया भर के मुसलमान ईदुज्जुहा पर बकरे की कुर्बानी पेशकर अल्लाह के हुज़ूर में अपनी बंदगी का सबूत पेश करते हैं।

अपील - मुफ्ती ए आजम म. प्र. हज़रत, मौलाना, डाक्टर मुहम्मद मुशाहिद रज़ा कादरी ने ईद की मुबारकबाद पेश करते हुए कहा कि पर्व को शालीनता और भाईचारे के साथ मनाएं और किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे इस बात का ख्याल रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। ईद की नमाज़ के संबंध में मौलाना साहब ने कहा है कि जैसे पहले ईद की नमाज़ अदा की जा रही थी, यथावत जगह (उसी जगह) इस साल भी अदा की जाए। किसी भी नई जगह पर नमाज़ अदा नहीं की जाएगी।

ईदगाह कला रानीताल - प्रातः 10:30 बजे रानीताल ईदगाह में नायबे मुफ्ती-ए-आज़म सूफी ज़ियाउल हक कादरी बुरहानी ईदुज्जुहा की नमाज अदा करायेंगे। नमाजियों से वक्त की पाबंदी का खास ख्याल रखने की गुजारिश की गई है। गोहलपुर, सदर, गढ़ा- मोमिन ईदगाह गोहलपुर में प्रातः 8 बजे ईदुज्जुहा की नमाज हाफिज मुहम्मद ताहिर साहब अदा करायेंगे।

वक्फ मोमिन ईदगाह गोहलपुर के पदाधिकारियों ने वक्त पर पहुंचने की अपील की है। ईदगाह सदर बाजार में प्रातः सुबह 9 बजे हजरत मौलाना जियाउर रजा चांद कादरी ईदुज्जुहा की नमाज अदा करायेंगे। गढ़ा ईदगाह में प्रातः 10 बजे हाफिज काजी अमीर अशरफ हुसैनी मियां ईदुज्जुहा की नमाज अदा करायेंगे।

 शिया जामा मस्जिद - शिया जामा मस्जिद जाकिर अली फूटाताल में प्रातः 10 बजे मौलाना हैदर मेहदी ईदुज्जुहा की नमाज अदा करायेंगे।