Jabalpur News: एफआईआर का विरोध करने एसपी आफिस पहुंचे कांग्रेसी बिफरे, पुलिस ने घसीटते हुए किया गिरफ्तार... विरोध में पुतला जलाया

Jabalpur News: Congressmen who reached SP office to protest against FIR got angry, police arrested them while dragging them... burnt effigy in protest

Jabalpur News: एफआईआर का विरोध करने एसपी आफिस पहुंचे कांग्रेसी बिफरे, पुलिस ने घसीटते हुए किया गिरफ्तार... विरोध में पुतला जलाया

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर का विरोध जताने जबलपुर एसपी कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी नेता अचानक बिफर गए। दरअसल, बुधवार को जबलपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

यहां उन्होंने एफआईआर को रद्द करने की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने की कोशिश की। कार्यालय में मौजूद पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन लेने से साफ इनकार कर दिया। इस रवैये से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

उन्होंने वहीं पर नारेबाजी शुरू कर दी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया। लगातार बढ़ रहे विरोध और प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

सभी को सिविल लाइन थाना ले जाया गया। गिरफ्तारी के दौरान भी कांग्रेसजन सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाने के सामने एसपी का पुतला जलाया। वही वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा एवं पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चिंटू चौकसे , सौरव नाटी शर्मा, राहुल रजक आदि के नेतृत्व में I G ऑफिस में ज्ञापन दिया गया।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि यह सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है। जीतू पटवारी पर जो फर्जी एफआईआर की गई है, वह लोकतंत्र का गला घोंटने वाली है। हम इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेंगे। चाहे जितनी भी गिरफ्तारियां कर ली, कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।

खबर से सम्बंधित वीडियो देखिए -

https://youtu.be/oGmcUNAAh7A