Jabalpur News: भाजपा मंडल अध्यक्ष पर लगे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि हड़पने के आरोप, एसपी कार्यालय पहुंची महिलाएं
Jabalpur News: BJP Mandal President accused of embezzling funds of Chief Minister Kanya Vivah Yojana, women reached SP office

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की राशि हड़पने और धोखाधड़ी का मामला जबलपुर में सामने आया है। 40 से 50 महिलाओं की राशि हड़पने का आरोप बीजेपी के मंडल अध्यक्ष और अल्पसंख्यक नेता पर लगाया गया है। इस मामले में आज महिलाएं एसपी ऑफिस पहुंची और लिखित में शिकायत कर हड़पी गई राशि दिलाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कार्यालय पहुंची महिलाओं ने मंडल अध्यक्ष सहित अन्य पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपियों ने महिलाओं के हस्ताक्षर और अंगूठे लेकर योजना की राशि निकाल ली है। अब महिलाओं द्वारा अपने पैसे मांगने पर उनके द्वारा बदतमीजी की जा रही है। महिलाओं का कहना पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी मिल रही है।
लगातार शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित महिलाएं एसपी ऑफिस पहुंची थी। मुस्लिम महिलाओं ने एसपी कार्यालय में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और बीजेपी नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
महिलाओं ने अपनी लिखित शिकायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह की राशि बीजेपी नेता अकील अंसारी और गुलाब नवी पर गलत तरीके से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।