Jabalpur News: 'रेगुलर' छात्रों की मार्कशीट पर लिखा आया 'प्राइवेट', छात्रों ने घेरा स्कूल

Jabalpur News: 'रेगुलर' छात्रों की मार्कशीट पर लिखा आया 'प्राइवेट', छात्रों ने घेरा स्कूल

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रांझी क्षेत्र स्थित सेंट मदर टेरेसा स्कूल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब कक्षा 10वीं के छात्रों ने स्कूल प्रबंधन पर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने साल भर रेगुलर विद्यार्थी के रूप में पढ़ाई की और उनके एडमिट कार्ड पर भी 'रेगुलर' ही अंकित था, लेकिन जब परीक्षा परिणाम आया तो मार्कशीट पर 'प्राइवेट' लिखकर आया है।

इस विसंगति के कारण बच्चों को आगे उच्च कक्षाओं में प्रवेश लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित छात्रों और उनके परिजनों ने स्कूल परिसर में जमकर नारेबाजी की और प्रबंधन से इस गंभीर लापरवाही पर लिखित जवाब की मांग की। ​

दूसरी ओर, स्कूल की वाइस प्रिंसिपल राजकुमारी रंगवानी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि स्कूल के पास मान्यता के पर्याप्त दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने इस गड़बड़ी के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल के सॉफ्टवेयर या तकनीकी खामी को जिम्मेदार ठहराया है।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में विभाग को अवगत करा दिया है और 30 तारीख तक का समय मांगा है ताकि मार्कशीट में सुधार किया जा सके। प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी छात्र को प्रवेश में समस्या आ रही है, तो वे अन्य स्कूलों के प्राचार्यों से बात कर छात्रों की मदद करेंगे। फिलहाल, बच्चों और अभिभावकों में स्कूल के प्रति गहरा असंतोष बना हुआ है। ​