Balaghat News:सिवनी बिरयानी होटल में पायी गई अत्यधिक गंदगी, खाद्य पंजीयन निलंबित, नमूने जांच के लिए भेजे गए
Balaghat News: Excessive dirt found in Seoni Biryani Hotel, food registration suspended, samples sent for testing
आर्य समय संवाददाता, बालाघाट। आम जनता को मिलावट रहित गुणवत्ता युक्त एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर संचालित होटल, रेस्टारेंट आदि का निरीक्षण कर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बालाघाट, वारासिवनी एवं तिरोडी में छापामार कार्यवाही कर खाद्य सामग्री के 75 नमूनों की जांच की गई है और अत्यधिक गंदगी पाये जाने पर 2 होटल को बंद कराया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिलावटी एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्मित खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 28 जनवरी को बैहर रोड बालाघाट स्थित होटल तौकीर बिरयानी एवं सिवनी बिरयानी एंड होटल पर छापामार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि रेस्टोरेंट के सामने भले ही साफ-सफाई एवं चमक-दमक दिखाई दे रही थी, किंतु किचन में अत्यंत गंदगी व्याप्त थी। फर्श खराब, दीवारें गंदी एवं चिपचिपी, बर्तन काले व गंदे, बासी सब्जियां, मकड़ी के जाले, गंदगी से भरे फ्रिज तथा बिना हाइजीन के कार्यरत वर्कर पाए गए।
साथ ही आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में खाद्य व्यवसाय संचालित किया जा रहा था। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों रेस्टोरेंटों का खाद्य पंजीयन निलंबित कर खाद्य व्यवसाय तत्काल बंद कराया गया तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। विदित हो कि जिले के अन्य अंचलों में भी खाद्य सुरक्षा के अंतर्गत छापामार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में तिरोड़ी में सत्कार होटल एवं बीकानेर मिष्ठान पर कार्रवाई की गई। सत्कार होटल में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ निर्माण पाए जाने पर प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया तथा दही एवं पेड़ा के नमूने जांच हेतु भेजे गए।
वहीं बीकानेर मिष्ठान तिरोड़ी से खोवा एवं बर्फी के नमूने जांच हेतु लेकर प्रयोगशाला भेजे गए एवं अनियमितताओं के लिए सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। इसके अतिरिक्त गुजरी बालाघाट की अनाज दुकानों से जांच हेतु विभिन्न प्रकार की दालों, चना, मटर एवं अनाजों के कुल 15 नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अमानक पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विगत दिवस चलित खाद्य प्रयोगशाला (एमएफटीएल) द्वारा बालाघाट एवं वारासिवनी क्षेत्र की डेयरियों से दूध, दही, पनीर, खोवा एवं मिठाई आदि के 75 नमूनों की जांच की गई।
साथ ही रेलवे स्टेशन रोड बालाघाट स्थित बाहुबली रेस्टोरेंट के सामने जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर मिलावट संबंधी प्रारंभिक जानकारी एवं उससे बचाव के उपाय बताए गए। इस संपूर्ण कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री योगेश डोंगरे एवं श्रीमती गीता टांडेकर उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे सुरक्षित, स्वच्छ एवं मानक खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत की जानकारी विभाग को दें।