भारत में विचारधारा की लड़ाई चल रही है : राहुल गांधी केंद्र के राजनीतिक हथियार हैं ईडी, सीबीआई और आईटी

एजेंसी, तिरुनेलवेली
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में थे। राहुल ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ न्याय, स्वतंत्रता और समानता है। दूसरी तरफ आरएसएस, मोदी और उनकी सरकार है। कांग्रेस सांसद ने कहा, केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई और आईटी का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री खुद चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करते हैं। कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए । दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार कर लिए गए। विपक्षी नेताओं को धमकी दी जा रही है। राहुल ने कहा, भारत में कई भाषाएं, संस्कृति और इतिहास है। हमारे लिए सब बराबर और जरूरी है। हालांकि, मोदी कहते हैं कि एक देश, एक नेता और एक भाषा होनी चाहिए। इसी बात की लड़ाई है। तमिल, बंगाली और देश की दूसरी भाषाओं के बिना भारत पूरा नहीं हो सकता। राहुल ने कहा, भाजपा के नेता खुलेआम कहते हैं कि अगर वे फिर से सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे। पीएम मोदी को केवल इस बात की परवाह है कि इस देश के वित्त और संचार प्रणाली पर उनका एकाधिकार है। पहले पूरी दुनिया भारत को लोकतंत्र का प्रकाश स्तंभ कहती थी। वे आज कहते हैं कि भारत का लोकतंत्र अब लोकतंत्र नहीं रहा।
राम मूर्ति की शपथ लेकर बताए कितने वादे पूरे किए: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कर्नाटक के कलबुर्गी में अपने दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि के समर्थन में चुनावी सभा की। लोस चुनाव का प्रवाह इंडी ब्लॉक के पक्ष में है। मोदी डर कर रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। लोगों से किए वादे किए थे। वे अयोध्या में राम मूर्ति की शपथ लेकर बताएं कि उन्होंने आम जनता से किए हुए कितने वादे पूरे किए हैं। पीएम भगवान का नाम जपते हैं और गरीब लोगों को महंगाई से कुचल देते हैं। गरीब लोग जिंदा हैं, तो कांग्रेस की मनरेगा योजना और कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की पांच गारंटियों के कारण जिंदा है। खडग़े ने कहा- पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पास एक वॉशिंग मशीन है, जिसमें सिर्फ कपड़े ही नहीं, बल्कि इंसान भी डाले जाते हैं। एक बार आप किसी इंसान को वहां रखिए तो वे साफ होकर निकलते हैं।