Jabalpur Railway News: रीवा-जबलपुर इंटरसिटी,चांदाफोर्ट एक्सप्रेस व सिंगरौली इंटरसिटी ट्रेन का बदला समय
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मण्डल अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों से प्रारंभ होने अथवा समाप्त होने वाली ट्रेनों की समय-सरिणी में आज से आंशिक परिवर्तन कर दिया गया है। जबलपुर मण्डल से प्रारंभ होने वाली ऐसी 6 ट्रेनों को आज से बदले हुए समय पर चलाया जाएगा। प्रारंभिक स्टेशन से प्रस्थान करने वाली ट्रेनों में गाड़ी संख्या 51705 जबलपुर-नैनपुर पैसेंजर ट्रेन जबलपुर से 10:15 बजे की बजाय आज से 9:55 बजे प्रस्थान की जाने लगी है।
इसी तरह से गाड़ी संख्या 11651 जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस,जबलपुर से 16:25 बजे की बजाय आज से 15:45 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं गाड़ी संख्या 22190 रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस,रीवा से सुबह 6 बजे की बजाय अब 5:45 बजे रवाना हुआ करेगी और जबलपुर में 10:15 बजे पहुंचने की बजाय सुबह 10 बजे पहुंचा करेगी।
इस ट्रेन का जबलपुर से रीवा के लिए प्रस्थान समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इसी तरह से गाड़ी संख्या 22173 चांदाफोर्ट-जबलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस,चांदाफोर्ट से 14:50 बजे की बजाय अब 15:10 बजे प्रस्थान करेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 12186 रीवा-रानीकमलापति रेवांचल एक्सप्रेस,रीवा से 19:55 बजे की बजाय 19:50 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 22145 भोपाल-रीवा एक्सप्रेस,भोपाल से 23:05 बजे की बजाय 23:00 बजे प्रस्थान करेगी। गाड़ी संख्या 12185 रानीकमलापति-रीवा एक्सप्रेस,रानीकमलापति से 22:00 बजे की बजाय 21:55 बजे प्रस्थान करेगी।