Jabalpur News: बिल्डर पर चले चाकू, अमखेरा गोकुलधाम सोसाइटी की घटना

Jabalpur News: बिल्डर पर चले चाकू, अमखेरा गोकुलधाम सोसाइटी की घटना

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गोहलपुर थाना अंतर्गत अमखेरा गोकुलधाम सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया जब बिल्डर संदीप गुप्ता पर बदमाशों ने चाकूओं से हमला कर दिया। हमलावरों ने बिल्डर पर चाकू से कई बार किए। लहुलुहान बिल्डर संदीप गुप्ता क़ो मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोहलपुर पुलिस के मुताबिक घायल संदीप गुप्ता (50), निवासी आस्था परिसर न्यू रामनगर अधारताल, पेशे से बिल्डर हैं। उन्होंने बताया कि वह सुशीला परिसर स्थित अपनी साइट से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुशीला परिसर गेट के पास पहुंचे, वहां मौजूद तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।

संदीप गुप्ता ने जब पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर उनकी दोनों जांघों पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।