Jabalpur News: अब रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों की सूचना देने पर मिलेगा पुरस्कार
आर्य समय संवाददाता जबलपुर। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुये रसोई गैस सिलेंडारों के दुरुपयोग एवं कालाबाजारी को रोकने जिला प्रशासन द्वारा सूचना देने वाले व्यक्ति को जप्त सिलेंडरों की अनुमानित लागत की 25 प्रतिशत राशि पुरस्कार स्वरूप देने की घोषणा की है। कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा के प्रभारी अधिकारी एवं एलपीजी नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र अहके के अनुसार जिले में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण रोकने प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जो भी व्यक्ति गैस सिलेण्डरों की ब्लैक मार्केटिंग अथवा अवैध भंडारण या व्यापार होने से संबंधित सूचना देगा तथा सूचना सही पाई जाने पर उस व्यक्ति को जप्तशुदा राजसात गैस सिलेण्डरों की अनुमानित राशि का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम राशि रूपये पाँच हजार रूपये से पुरस्कृत किया जायेगा। संयुक्त कलेक्टर के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जायेगी।
रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना एलपीजी के नोडल अधिकारी को मोबाइल नम्बर 88780 38092 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नम्बर 95843 19092 पर कॉल कर या व्हाटसएप पर मैसेज के माध्यम दी जा सकती है।