Jabalpur News: RDVV में 25 मार्च को मतदान, पूर्व उपाध्यक्ष को शोकाज नोटिस थमाया
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए 25 मार्च को मतदान कराए जाएंगे। दरअसल,बुधवार को अजाक्स संघ के एक पदाधिकारी की आपत्ति के चलते चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अटक गई थी। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आज गुरुवार को आपत्ति का निराकरण कर चुनाव कार्यक्रम घोषित हो जाएगा और हुआ भी कुछ ऐसा।
निर्वाचन अधिकारी प्रो. राकेश बाजपेई द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत 13 से 16 मार्च नामाकंन की प्रक्रिया चलेगी। नामांकन फॉर्म जमा 17 मार्च की दोपहर 2 बजे तक किए जा सकेंगे। 18 मार्च को नाम वापसी के आवेदन दोपहर 3 बजे तक किए जा सकेंगे।18 मार्च को ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। वही 25 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 2 मार्च को संघ के पदाधिकारियों का कार्यकाल पूरा हो गया था। लेकिन संघ के अध्यक्ष रहे वीरेंद्र पटेल चुनाव प्रक्रिया में रोड़े अटका रहे थे। जिसके चलते वीरेंद्र पटेल को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश था, हालात ऐसे निर्मित हो गए थे कि कुलगुरु कार्यालय में घमासान की नौबत आ गई थी।
इधर, मंगलवार को हुई झड़प के बाद पूर्व उपाध्यक्ष को मिला शोकाज नोटिस - मंगलवार 10 मार्च की दोपहर करीब 2.15 बजे कुलगुरु कक्ष में चुनाव तिथि घोषित कराए जाने को लेकर हुए घमासान के मामले में कर्मचारी संघ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश पुरोहित को कुलसचिव ने शोकॉज नोटिस थमाया है।
संघ उपाध्यक्ष पुरोहित पर आरोप है कि उन्होने ने कुलगुरु कक्ष में पूर्व से चल रही बैठक के दौरान अन्य कर्मचारियों के साथ संघ चुनाव से संबंधित नस्ती के लिए कुलगुरु से वार्ता करने हेतु आये। आरोप है कि इस समय बातचीत के दौरान संघ उपाध्यक्ष ने कुलगुरु से तत्काल नस्ती पर अनुमोदन किए जाने हेतु जोर-जोर से अमर्यादित तरीके से बहस की। कुलसचिव कार्यालय ने उक्त मामले को अनुशासनहीनता की श्रेणी में आने का हवाला देते हुए दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।