Jabalpur News: 64 घंटे वाद भटौली घाट में मिली जॉनी की लाश, एडविन की तलाश जारी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गौर पुलिश चौकी अंतर्गत नर्मदा नदी के जमतरा घाट में डूबे दो युवको में से जॉनी इक्का की लाश 64 घंटे बाद सोमवार की सुबह भटौली घाट में रेस्क्यू टीम को मिल गई। अब जॉनी के साथ डूबे एडविन जॉर्ज की तलाश में रेस्क्यू टीम भटौली घाट में जुटी हुई है। इंजीनियरिंग के छात्र रहे जॉनी इक्का की लाश को पोस्ट मार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
गौर पुलिस चौकी प्रभारी नितिन पांडे ने बताया कि 13 मार्च की शाम 4 बजे के करीब नर्मदा के जमतरा घाट में डूबे दो छात्रों में से एक का शव सोमवार को सुबह भटौली में मिल गया है। रेस्क्यू टीम ने सुबह सर्च आॅपरेशन के दौरान शव को बरामद किया। वहीं सेंट एलॉयसिस कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले एडविन जॉर्ज की तलाश की जा रही है। जमतरा से भटौली तक पानी का बहाव तेज होने व पत्थर होने के चलते गोताखारों को थोड़ी परेशानी हो रही है। लेकिन सर्चिंग लगातार जारी है।
उल्लेखनीय है कि 13 मार्च को सेंट एलॉयसिस कॉलेज गौर के हॉस्टल में रहने वाले जॉनी इक्का अपने साथियों के साथ नहाने नर्मदा के जमतरा घाट गए थे। मूलत: अम्बिकापुर निवासी जानी इक्का उम्र 22 वर्ष सेंट अलॉयसियस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी का छात्र था। वह हॉस्टल में रहता था। कुछ दिनों पहले इंदौर में रहकर पढ़ाई करने वाला उसका दोस्त अनूपपुर निवासी एडविन जार्ज विंज उम्र 22 उससे मिलने के लिए शहर आया था।
जॉनी के दोस्तों ने बताया कि जॉनी अपने दोस्त एडविन के अलावा आकाश, नितिन, अनीश, आलेश और विल्सन के साथ नर्मदा में स्नान का प्लान बनाया था। शुक्रवार 13 मार्च की की दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब सभी जमतरा पहुंचे थे। वहां पर आलेश और अनीश घाट पर बैठे और बाकी साथी नदी में स्नान कर रहे थे। जानी, आकाश और नितिन को तेज बहाव में डूबता देखकर एडविन तेजी से उनकी तरफ गया।
उसने आकाश और नितिन को किसी तरह गहराई से बचाकर किनारे ले आया। उसके बाद तीसरे साथी जानी लगातार मदद की गुहार लगाता रहा। एडविन ने बगैर देर किए उसकी तरफ छलांग लगाई। काफी थका होने के बावजूद भी वह गहराई की तरफ बढ़ता गया और बहाव में बह गया। जिसके बाद पुलिस साथियों की रिपोर्ट पर गुमशुदगी दर्ज करते हुए रेस्क्यू आॅपरेशन प्रारंभ किया था।