Jabalpur News: 50 वर्षीय ग्रामीण की निर्मम हत्या, जादू टोना का था शक

Jabalpur News: 50 वर्षीय ग्रामीण की निर्मम हत्या, जादू टोना का था शक

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जादू-टोना के शक में कुंडम में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार ग्राम बिसनपुरा निवासी नन्हेलाल यादव (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपनी गाय और अन्य मवेशियों को जंगल से चराकर घर लौट रहा था।

तभी अपने भाई भूरालाल यादव के घर के पास उसने देखा कि मधुशाह और पिट्टी यादव जादू-टोना करने के शक में उसके भाई भूरा यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से मारपीट कर रहे थे। नन्हेलाल और उसका बेटा सुरेश यादव बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी।

 इस दौरान नन्हेलाल के सिर और चेहरे पर चोट आई, जबकि सुरेश यादव की बाईं आंख में डंडे से चोट लगी। इसके बाद आरोपी भूरा यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए अपने साथ ले गए। डर के कारण नन्हेलाल अपने बेटे के साथ घर चला गया। अगले दिन 5 मार्च की सुबह जब वह भाई के घर पहुंचा तो भूरा यादव नहीं मिला। उसकी तलाश जारी थी।

इसी बीच 6 मार्च की दोपहर बरापानी हार क्षेत्र में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो शव भूरा यादव का था, जिसका सिर कटा हुआ था। तलाश करने पर शव का सिर महेशपुरी हार में बड़ी लाइन टावर के पास मिला। कुण्डम थाना पुलिस ने पहले मारपीट के मामले में धारा 296(ए), 115(2), 351(2), 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। शव मिलने के बाद हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।