Jabalpur News: हेलीकॉप्टर से विदा होकर गौर पड़रिया पहुंची दुल्हन
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। जिले के गौर पड़रिया गाँव में एक पिता ने अपने बेटे से किया वादा कुछ इस अंदाज में निभाया कि पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। दरअसल, मालगुजार गोकल पटेल (अप्पू) ने अपने पुत्र अर्पित पटेल की शादी को यादगार बनाने के लिए विदाई के लिए खास तौर पर हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया। बीते 25 अप्रैल को नुनसर स्थित अंश मैरिज गार्डन में बेलखाडू के ग्राम भीटा निवासी संतोष पटेल की सुपुत्री मोनिका और अर्पित का विवाह संपन्न हुआ।
शादी की रस्में पूरी होने के बाद, रविवार सुबह जब विदाई का वक्त आया, तो विदाई सड़क के रास्ते नहीं बल्कि आसमान से हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विदाई का यह अनूठा नजारा रविवार सुबह करीब 8 बजे देखने को मिला, जब दूल्हा अर्पित अपनी दुल्हन मोनिका और अपनी बहन के साथ हेलीकॉप्टर में सवार होकर मैरिज गार्डन से अपने पैतृक गाँव गौर पड़रिया के लिए रवाना हुए।
जैसे ही हेलीकॉप्टर गौर पड़रिया पहुँचा, आसमान में उड़ते उड़नखटोले को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। गाँव में नवदंपति का भव्य स्वागत और सत्कार किया गया। अपनी बहू का गृह प्रवेश इतने शाही अंदाज में कराने के लिए पिता द्वारा किए गए इस विशेष इंतजाम की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है और लोग इसे "रॉयल विदाई" का नाम दे रहे हैं।