Jabalpur News: हिंदू लड़कियों का मुस्लिम लड़कों से विवाह को लेकर मचा बवाल, हिंदू संगठनों ने की जांच की मांग

Jabalpur News:  हिंदू लड़कियों का मुस्लिम लड़कों से विवाह को लेकर मचा बवाल, हिंदू संगठनों ने की जांच की मांग

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। देशभर में लव जिहाद को लेकर छिड़ी बहस के बीच जबलपुर का कलेक्ट्रेट एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है। दरअसल अपर कलेक्टर कार्यालय के बाहर सूचना पटल पर ऐसे युवक-युवतियों की सूची चस्पा है, जिन्होंने विवाह के लिए आवेदन किया है। वैसे तो कार्यालय में विवाह होना आम बात है लेकिन इस सूची में 9 हिंदू लड़कियों के नाम भी हैं जो मुस्लिम लड़कों से विवाह करने वाली हैं जिसे लेकर अब बवाल खड़ा हो गया है।

हिंदू संगठनों ने इसे लेकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और लव जिहाद के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर इन शादियों पर रोक लगाने की मांग की। हिंदू संगठनों के लोगों का कहना है कि ये शादियां एक साजिश के तहत की जा रहीं हैं।

हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनके परिवार को बिना बताए चोरी-छिपे ये विवाह किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह के लिए जारी होने वाले नोटिस को युवतियों के घर तक नहीं पहुंचने दिया जाता और बीच में ही पैसों के दम पर उसे गायब कर दिया जाता है ताकि उनके परिजनों को इसकी भनक न लगे।

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विवेक तिवारी ने भी इसे लेकर कलेक्टर के समक्ष आपत्ति लगाई है। उन्होंने कहा कि बिना कलमा पढ़े मुस्लिम समुदाय में शामिल नहीं हुआ जा सकता या फिर उन्हें नहीं अपनाया जा सकता यानि ये साफ है कि जिन हिंदू लड़कियों की मुस्लिम लड़कों से शादी होने वाली है, उन्हें पहले मुस्लिम बनाया जाएगा और तभी उनकी शादी मुस्लिम लड़कों से होगी।

उन्होंने कहा है कि इन मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। विशेष रूप से विशेष विवाह अधिनियम, 1954 एवं मध्य प्रदेश धर्म स्वातंत्रय अधिनियम, 2020 के तहत निर्धारित प्रावधानों का पालन करते हुए विवाह से पूर्व आवश्यक सूचना, सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य है।

उन्होंने आशंका जताई है कि कुछ इन मामलों में संबंधित पक्षों पर दबाव, प्रलोभन या अन्य कारण हो सकते हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है। आज हो रहे एक विवाह को लेकर पुलिस अलर्ट कलेक्टर आफिस में आज एक विवाह को लेकर हिंदूवादी संगठन एक्टिव हो गए हैं तो वहीं पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। बताया जा रहा है कि नौ लोगों की सूची में से एक जोड़ा आज विवाह के लिए कलेक्टर आफिस पहुंचेगा, जिसको लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है।

डिप्टी कलेक्टरर घुवीर सिंह मरावी ने बताया कि हिंदू संगठनों और वकीलों के द्वारा 9 विवाहों को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है, उन्हें आश्वासन दिया गया है कि इन मामलों में जांच के बाद ही कार्यवाही होगी और दोनों पक्षों से बातचीत की जाएगी।